
देहरादून। कथित फ्रॉड कनिष्क की गिरफ्तारी के बाद उत्तराखंड में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने पूरे मामले को पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दासौनी ने कहा कि कुछ लोग पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और संगठन के नाम का दुरुपयोग कर ठगी जैसे कृत्यों को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे, जिससे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।
गरिमा दासौनी ने कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की छवि को धूमिल करने और संगठन को बदनाम करने की साजिश रची गई थी, लेकिन अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सच्चाई सामने आने लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही इस मामले में स्पष्ट थी कि कानून अपना काम करेगा और सच जनता के सामने आएगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी भी प्रकार का टिकट या पद किसी दलाल या ठग के माध्यम से नहीं मिलता, बल्कि यह कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर तय होता है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं पार्टी की कार्यशैली के पूरी तरह विपरीत हैं।
गरिमा दासौनी ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लगातार कांग्रेस के खिलाफ दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि जनता अब इन प्रयासों को समझ चुकी है और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के षड्यंत्र रचे जाते हैं।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस कथित षड्यंत्र के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पार्टी का कहना है कि सच्चाई सामने आने से न केवल दोषियों का पर्दाफाश होगा, बल्कि राजनीति में फैलाए जा रहे भ्रम पर भी विराम लगेगा।

Recent Comments