
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘अपनापन — नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ के लोकार्पण समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि प्रतिभाग किया। यह गरिमामयी कार्यक्रम भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री एच.डी. देवेगौड़ा की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
‘अपनापन’ एक प्रेरणादायी साहित्यिक कृति है, जिसमें शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विभिन्न भूमिकाओं में प्राप्त अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक अनुभवों का सजीव एवं हृदयस्पर्शी वर्णन किया है। पुस्तक में नेतृत्व, सेवाभाव, सुशासन और राष्ट्र-निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विचारों को अत्यंत सरल और प्रभावशाली शैली में पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
लोकार्पण समारोह में अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुस्तक के प्रकाशन पर शिवराज सिंह चौहान को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पुस्तक न केवल राजनीतिक दृष्टि से बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों, उनकी सोच और उनके नेतृत्व की झलक मिलती है, जो देश के करोड़ों नागरिकों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी।
इस भव्य समारोह में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, भारत सरकार के अनेक केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, समाजसेवी, साहित्यकार, लेखक-पत्रकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने इस कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।

Recent Comments