हिंदी पत्रकारिता दिवस: रचनात्मक योगदान देने वाले पत्रकारों को मिला सम्मान

प्रेस क्लब भवन निर्माण की निविदा जारी होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सूचना विभाग का जताया आभार

देहरादून। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब में संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों, साहित्यकारों एवं मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता कर पत्रकारिता के समक्ष वर्तमान चुनौतियों, अवसरों तथा लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर पत्रकार समुदाय को एक महत्वपूर्ण सौगात की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सहयोग से प्रेस क्लब के बहुप्रतीक्षित भवन निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मिली यह उपलब्धि पत्रकार समाज के लिए एक विशेष उपहार है और इससे जल्द ही भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्य अतिथि अपर निदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग डॉ. आशीष त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है। तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारों की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए तथ्यपरकता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जितेन ठाकुर ने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता दोनों समाज के दर्पण हैं। पत्रकारिता जनमानस की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करती है। वहीं वरिष्ठ साहित्यकार एवं जनकवि डॉ. अतुल शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में पत्रकारिता के स्वरूप में बदलाव आया है, लेकिन उसके मूल मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत ने पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम बताते हुए निष्पक्षता एवं जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दैनिक जागरण के संपादक मनोज झा ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच मुख्यधारा की पत्रकारिता के सामने विश्वसनीयता बनाए रखने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि तथ्य आधारित और जिम्मेदार पत्रकारिता ही लोकतंत्र को मजबूत कर सकती है। वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार सोमवारी लाल उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता पूर्व में एक मिशन थी, जिसमें समाज और राष्ट्रहित सर्वोपरि रहता था, और आज भी उसी प्रतिबद्धता की आवश्यकता है।

अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क विभाग बंशीधर तिवारी, प्रेस क्लब की पूर्व कार्यकारिणियों तथा सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से प्रेस क्लब भवन निर्माण की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम उठ चुका है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सोमवारी लाल उनियाल, अविकल थपलियाल, डॉ. मोहन बुलानी, विकास गुसाईं, भूपेन्द्र सिंह राणा, पंकज पंवार, केदार दत्त, सुनील नवप्रभात, सुमन सेमवाल, रोबिन सिंह चौहान, महेश पाण्डेय, अनिल थापा चटर्जी, माधुरी दानू, अलका त्यागी, रविन्द्र थलवाल, राकेश रावत, आदर्श भट्ट एवं दीपक कैंतुरा शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, सुलोचना पयाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments