नौ घंटे तक चली जटिल सर्जरी, दून अस्पताल के डॉक्टरों ने कैंसर पीड़ित बुजुर्ग को दी नई जिंदगी

देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चिकित्सकों ने एक बार फिर अपनी दक्षता और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पेट के कैंसर से जूझ रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग मरीज की सफल सर्जरी कर उन्हें नया जीवन दिया है। उत्तरकाशी निवासी इस मरीज का ऑपरेशन अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक से किया गया, जो करीब नौ घंटे तक चला।

अस्पताल के सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार ने बताया कि मरीज पिछले कई महीनों से पेट दर्द, भूख में कमी और तेजी से वजन घटने जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान थे। विस्तृत जांच के बाद उनके पेट के निचले हिस्से में कैंसर (कार्सिनोमा स्टमक) की पुष्टि हुई। मरीज की स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अत्यंत जटिल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।

डॉ. अभय कुमार के नेतृत्व में सर्जरी टीम ने स्पाई कॉन्ट्रास्ट, ओवरले तकनीक तथा इंडोशियनिन ग्रीन डाई जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का उपयोग करते हुए कैंसरग्रस्त हिस्से को सटीकता के साथ सफलतापूर्वक निकाल दिया। इसके बाद छोटी आंत को शेष पेट से जोड़कर (गैस्ट्रोजेजुनोस्टॉमी) भोजन के सामान्य मार्ग को पुनः स्थापित किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार ऑपरेशन के दौरान मरीज को न्यूनतम रक्तस्राव हुआ और आधुनिक तकनीक के कारण दर्द भी काफी कम रहा। यही वजह है कि मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं और उनकी स्थिति फिलहाल पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।

इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफल बनाने में डॉ. दिव्यांशु, डॉ. ईश्विंद्र, डॉ. वैभव, डॉ. मयंक, डॉ. हिमांशु तथा डॉ. वैष्णवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. अभिमन्यु, डॉ. साक्षी और डॉ. मानसी ने भी ऑपरेशन के दौरान अहम जिम्मेदारी निभाई।

दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट तथा उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एन.एस. बिष्ट ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की बदौलत गंभीर से गंभीर रोगों का सफल उपचार संभव हो रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments