शहर में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की हो रही थी सप्लाई: दून पुलिस ने उड़ाए दरिंदों के होश

दून पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ का कोबरा गैंग पर भारी हमला, सूडानी पैडलरों सहित तीन तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख की कोकीन बरामद

देहरादून, 3 जून, 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ के संकल्प को साकार करने और एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ में दून पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से कुख्यात कोबरा गैंग से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय ड्रग पैडलरों को गिरफ्तार किया है, जिसमें दो सूडानी नागरिक भी शामिल हैं। उनके पास से अनुमानित 20 लाख रुपये कीमत का 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ये तस्कर दिल्ली से कोकीन की तस्करी कर देहरादून लाए थे और राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में इसकी सप्लाई करने की फिराक में थे। राजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोबरा गैंग के सदस्य बड़े पैमाने पर ड्रग्स सप्लाई करने के लिए इलाके में सक्रिय हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जोहडी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी (यूके07एए4478) सवार दो विदेशी पैडलरों – माइकल इक्का मेकसन (25) और लेविकिरी वानिकी (24), मूल निवासी सूडान – को 9.15 ग्राम कोकीन के साथ धर दबोचा। वहीं, सीआईएसएफ तिराहे, ओल्ड मसूरी रोड से स्विफ्ट डिजायर कार (यूके07टीडी7532) में सवार जावेद आलम (37), निवासी देवबंद, सहारनपुर को 11.77 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। सूडानी पैडलर अक्सर अपने देश से देहरादून आते-जाते रहते हैं और दिल्ली से कोकीन लाकर देशभर के अपने एजेंटों के जरिए सप्लाई करते हैं। उन्होंने बताया कि यह कोकीन उन्होंने फ्रान्जी नामक साथी से ली थी। वहीं, जावेद आलम ने दिल्ली से जॉन नाम के व्यक्ति से कोकीन लाने और कालिंस नामक पैडलर के साथ मिलकर पार्टियों में सप्लाई करने की योजना बनाई थी। पुलिस अब इन नामों और नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राजपुर पुलिस कोबरा गैंग के नौ विदेशी तस्करों सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनसे ढाई करोड़ रुपये की 200 ग्राम कोकीन बरामद हुई थी। वर्ष 2026 के पहले पांच माह में ही दून पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए करीब तीन करोड़ रुपये के मादक पदार्थ (1 किलो 230 ग्राम स्मैक, 9 किलो चरस, 51 किलो से अधिक गांजा) जब्त किए हैं और 145 तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। एसएसपी देहरादून ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। टीम में थानाध्यक्ष पीडी भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उपनिरीक्षक सूरज कंडारी, अनित कुमार और कांस्टेबल मुकेश, ललित, सुशील व अमित शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments