
‘युद्धों की विजय की झलक से सजा होगा मंच’, भूतपूर्व सैनिक बड़ी संख्या में रैली में देंगे भाग लेने का संकल्प
पौड़ी । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पौड़ी आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और विशेष रूप से भूतपूर्व सैनिकों में अपार उत्साह है। प्रतापनगर विधायक एवं कार्यक्रम संयोजक विक्रम सिंह नेगी ने बुधवार को दावा किया कि राहुल गांधी की रैली में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंसूबों पर पानी फिर गया है और वह दहशत में आ गई है।
‘सैनिकों का सम्मान और संवाद तय’
विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भूतपूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल राम रत्न नेगी, गोपाल सिंह गड़िया, राजपाल सिंह रावत और बलबीर सिंह पंवार के साथ मिलकर पौड़ी में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। नेगी ने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद सीधे पौड़ी पहुंचेंगे और भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों (वीरंगनाओं) से सीधा संवाद करेंगे। राहुल गांधी उन्हें विशेष रूप से सम्मानित भी करेंगे।
‘गौरवमयी इतिहास की तस्वीरें होंगी प्रदर्शित’
कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए नेगी ने कहा कि मंच को भारत-पाकिस्तान युद्ध, भारत-चीन युद्ध और कारगिल विजय की गौरवगाथा से सजाया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों की तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि देवभूमि और वीरभूमि की गरिमा बनी रहे।

कांग्रेस नेता महेश जोशी का बयान:
कांग्रेस नेता महेश जोशी ने कहा कि “उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीर भूमि भी है। पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी से लेकर राहुल गांधी का इस धरती से गहरा लगाव रहा है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति से जुड़े उनके क्षण हमेशा स्मरणीय रहेंगे। राहुल जी के आगमन से जनता में अभूतपूर्व उत्साह है और इसी उत्साह को देखकर भाजपा भयभीत है।”
‘ऐतिहासिक रैली के रूप में होगी याद’
विधायक नेगी ने अंत में कहा कि यह आयोजन भूतपूर्व सैनिकों को केंद्र में रखकर किया जा रहा है, जिसमें सेना के जांबाजों के शौर्य को सलाम किया जाएगा। उन्होंने सभी भूतपूर्व सैनिकों से इस ऐतिहासिक रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

Recent Comments