
देहरादून। पित्थूवाला स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में शिक्षकों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस दूरसंचार शाखा में तैनात उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में तैनात स्टाफ के साथ मारपीट किए जाने तथा उनके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की घटना सामने आई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित उपनिरीक्षक के आचरण को पद की गरिमा के प्रतिकूल मानते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक महेश कंडवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments