
देहरादून/पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व भूमि और सार्वजनिक स्थलों से अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई तेज की गई है।
प्रशासन द्वारा लैंसडाउन, कोटद्वार, रिखणीखाल, यमकेश्वर और पौड़ी क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाकर कई अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। यमकेश्वर क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला मार्ग पर 13 अतिक्रमण हटाए गए, जबकि कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में 12 अस्थायी कब्जों को ध्वस्त किया गया। दुगड्डा बाजार (एनएच-534) में भी सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
लैंसडाउन के सुराड़ी क्षेत्र में राजकीय भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए, वहीं रिखणीखाल के जामरी गांव में भी अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर पालिका पौड़ी क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस से बस स्टेशन तक अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए कब्जे हटाए गए।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण और नए अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि का संरक्षण प्राथमिकता में है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Recent Comments