सहसपुर में पानी के विवाद से भड़की हिंसा, भाजपा कार्यकर्ता की मौत

विकासनगर। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार को पानी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी टकराव में बदल गया। सरकारी ट्यूबवेल से सिंचाई को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें भाजपा से जुड़े विनोद कश्यप (43) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भाई गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया।

पुलिस के अनुसार विनोद कश्यप, उनके भाई राजेश और अशोक खेतों में पानी ले रहे थे, तभी पड़ोसी इम्तियाज ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि रज्जाक, अमन, यूनूस, अनीस सहित 20–25 लोग मौके पर पहुंचे और तीनों भाइयों पर धारदार हथियारों व भारी औजारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी। बताया जाता है कि विनोद कश्यप ने पूर्व ग्राम प्रधान इस्तिपाक के कार्यकाल में विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी आरटीआई के माध्यम से मांगी थी, जिसके बाद से तनाव कई बार बढ़ चुका था। विनोद पूर्व में बीडीसी चुनाव भी लड़ चुके थे और भाजपा की स्थानीय गतिविधियों में सक्रिय थे।

घटना की खबर फैलते ही बैरागीवाला गांव में भीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रेमनगर–पांवटा पुराने हाईवे पर जाम लगा दिया और देर रात तक नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन जारी रहा। भीड़ ने आरोपी पक्ष के घर के बाहर भी एकत्र होकर पथराव की कोशिश की, जिससे हालात और बिगड़ते दिखे।

स्थिति को संभालने के लिए सहसपुर, प्रेमनगर, विकासनगर समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके मकानों पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि तीन नामजद और 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं एसपी ग्रामीण पंकज गैरोला ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में हैं।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments