रक्तदान शिविर व मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सिविल जज सहित नागरिकों का महादान

उत्तरकाशी। रविवार को भारतीय रेडक्रॉस समिति, स्वीप उत्तरकाशी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर तथा रेडक्रॉस भवन में विचार गोष्ठी व विशेष गहन पुनरीक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दोहरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति अलख जगाने के साथ-साथ लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के प्रति नागरिकों को जागरूक करना था। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सचिन कुमार, सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस पुनीत अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सिविल जज सचिन कुमार ने स्वयं सबसे पहले रक्तदान किया और उपस्थित जनसमूह को इस महादान के लिए प्रेरित किया। उनके इस प्रेरणादायक कदम से उत्साहित होकर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के अधिकारियों व जवानों, पैरालीगल वालंटियर्स, अधिवक्ताओं और स्थानीय युवाओं ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रिकॉर्ड रक्तदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव डीएलएसए सचिन कुमार ने कहा कि रक्तदान ही एकमात्र ऐसा महादान है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने सभी को नियमित व स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा अपने परिजनों व मित्रों को भी इसके लिए प्रेरित करने की संकल्पना दिलाई।

रक्तदान शिविर के साथ ही स्वीप उत्तरकाशी के सहयोग से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण मतदाता जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मतदाताओं और युवाओं को गणना प्रपत्र भरने की बारीकियों, मतदाता मैपिंग और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वीप के पदाधिकारियों और वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि जिस तरह स्वस्थ समाज के लिए रक्त की उपलब्धता जरूरी है, उसी तरह एक सशक्त और जीवंत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना अनिवार्य है। “रक्तदान महादान” और “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” के संकल्प के साथ क्षेत्र के नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।
इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, भारतीय रेडक्रॉस समिति उत्तरकाशी के चेयरमैन माधव जोशी, रेडक्रॉस सचिव डॉ. रतन मणि भट्ट, स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल तथा स्वीप आइकन स्वाति नौटियाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का समापन मानवता की निरंतर सेवा करने, रक्तदान के प्रति राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता बढ़ाने और भविष्य में भी इस प्रकार के लोक-कल्याणकारी शिविरों के निरंतर आयोजन के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments