
4 आरोपी गिरफ्तार, 8 अभी भी फरार — गांव में पुलिस-पीएसी का पहरा
देहरादून । देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में शनिवार शाम एक मामूली जल विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया, जिसमें भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक विनोद कुमार की जान चली गई। हमलावरों ने हथौड़े, बेलचे और लाठी-डंडों से पूरे परिवार को निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस हमले में विनोद के भाई अशोक कुमार, राजेश और सुषमा भी बुरी तरह घायल हुए हैं।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर सहसपुर पुलिस ने रज्जाक, इम्तियाज, अमन, युनुस, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार सहित 12 नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या व जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
घटना की सूचना फैलते ही रविवार को बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भारी संख्या में गांव में उमड़ पड़े। आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों पर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की तथा सामान को बाहर निकालकर आग लगा दी। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की और आरोपियों के मकानों के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में जिहादी और हिंसक मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रदेश की शांति और सामाजिक सौहार्द को भंग करने का प्रयास करने वालों के साथ-साथ कानून को हाथ में लेने वालों पर भी ऐसी सख्त कार्रवाई होगी कि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचेगा।
जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पानी और खेत को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा था, जो शनिवार की शाम घातक रूप ले गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आमजन से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए दून पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को न केवल कठोर वैधानिक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा, बल्कि न्यायालय से भी सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी।


Recent Comments