
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा रविवार को राज्यभर में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो गई। आयोग और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से परीक्षा को नकलमुक्त और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। देहरादून जनपद सहित राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग कर परीक्षा प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग की गई।
आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार राज्य के सभी 13 जनपदों में कुल 449 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए 1,54,603 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से लगभग 83,254 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार परीक्षा में उपस्थिति लगभग 72.62 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित निगरानी प्रणाली स्थापित की गई थी। आयोग के नियंत्रण कक्ष से परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई, जबकि साइबर क्षेत्र के विशेषज्ञों की भी सहायता ली गई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की गहन जांच, फ्रिस्किंग तथा बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया।
देहरादून जनपद में 116 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया। पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण तथा सभी क्षेत्राधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भी पुलिस टीमों ने लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों और अवांछित तत्वों पर पैनी नजर बनाए रखी। परीक्षा से पूर्व राज्य की सीमावर्ती क्षेत्रों, होटलों, ढाबों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष जांच अभियान चलाया गया था। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, खुफिया तंत्र, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों, पर्यवेक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
आयोग और पुलिस प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Recent Comments