मुख्यमंत्री धामी ने पौड़ी में खोला विकास का पिटारा, 110 करोड़ की योजनाएं और विज्ञान संग्रहालय की सौगात

युवाओं के भविष्य और देवभूमि की अस्मिता पर दिया बड़ा संदेश

पौड़ी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल दौरे के दौरान जनपद को विकास, विज्ञान और संस्कृति की कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। उन्होंने श्रीनगर रोड स्थित आधुनिक जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर वहां स्थापित इंटरएक्टिव वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं तथा आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बच्चे यहां विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगों के माध्यम से समझ सकेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री कंडोलिया मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ करते हुए उन्होंने घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को अब राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे इसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय लेकर उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति और कुर्सी युवाओं के भविष्य तथा देवभूमि की अस्मिता से बड़ी नहीं हो सकती।

कार्यक्रम में सिंगटाली पुल निर्माण, मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण, पौड़ी नगर सौंदर्यीकरण, सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं श्रीकोट गंगानाली में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल ग्राउंड, कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट उन्नयन तथा आधुनिक विज्ञान संग्रहालय सहित विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया गया।

स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पौड़ी जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिली है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments