गुरुद्वारा श्री कलीदार सेवक सभा जी, त्यागी रोड में गुरु अर्जन देव जी के शहीदी गुरुपर्व पर भव्य आयोजन

देहरादून। गुरुद्वारा श्री कलीदार जी, त्यागी रोड में पांचवें सिख गुरु, श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी गुरुपर्व के अवसर पर श्रद्धा, सेवा और समर्पण के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेष गुरुबाणी कीर्तन, अरदास एवं कथा का आयोजन किया गया, जिसमें गुरु अर्जन देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी ने सत्य, सेवा, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया, जो आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है।

भीषण गर्मी को देखते हुए गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए मीठे शर्बत (छबील) का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने छबील ग्रहण कर गुरु जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके साथ ही संगत के लिए विशाल गुरु का लंगर भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

गुरुद्वारा समिति के प्रधान अमनजीत सिंह ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी का शहीदी दिवस हमें सेवा, सहनशीलता, भाईचारे और मानव कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के समापन पर समस्त संगत ने गुरु अर्जन देव जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा विश्व शांति, मानव कल्याण और समाज में प्रेम एवं सौहार्द की भावना के लिए अरदास की।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments