
पिथौरागढ़। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय पीआईबी देहरादून ने शनिवार को पिथौरागढ़ में “लोक सेवा ही संकल्प – 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित की। कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार के विगत 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” विषय पर केंद्रित पुस्तिका के अनावरण से हुआ। नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल मुख्य अतिथि रहीं। राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष गणेश भंडारी और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का मकसद केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं की सही और तथ्यात्मक जानकारी मीडिया के जरिए आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवा विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। मीडिया को लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बताते हुए उन्होंने पत्रकारों से तथ्यपरक और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

वक्ताओं ने पिथौरागढ़ में संचालित विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बताया गया कि कैलाश मानसरोवर, आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। सीमांत क्षेत्रों में सड़क निर्माण और हवाई सेवाओं के विस्तार से कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। लखपति दीदी योजना से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय बढ़ रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने आयुष्मान भारत, पीएम जन आरोग्य योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मिशन शक्ति पर प्रकाश डाला। जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने नई शिक्षा नीति और समग्र शिक्षा अभियान की जानकारी दी। कृषि अधिकारी राजेश खेतवाल ने पीएम किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और प्राकृतिक खेती की योजनाएं बताईं। ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक कपिल भट्ट ने सेब, कीवी जैसी उच्च मूल्य फसलों को प्रोत्साहन की बात कही। माई भारत के निदेशक डॉ. शैलेश भट्ट ने युवाओं के कौशल विकास और माई भारत पोर्टल के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यशाला में डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों पर भी चर्चा हुई। संजीव सुंद्रियाल ने पत्रकारों से सीमांत जिले में समाचार संकलन की कठिनाइयों और सुझावों पर संवाद किया और समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों ने भाग लिया और सरकार-जनता के बीच संवाद को मजबूत करने पर विचार साझा किए।

Recent Comments