
‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी का दो टूक समाधान
देहरादून। जन शिकायतों के निस्तारण में शासन ने सख्ती बढ़ा दी है। ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने साफ कहा कि जिन इलाकों से लगातार शिकायतें आ रही हैं, उनकी जीआईएस मैपिंग होगी और सीधे जिम्मेदार अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी।
डीएम ने एनआईसी को निर्देश दिए कि पिछले 10 समाधान दिवसों का विभागवार डेटा लेकर जीआईएस आधारित हॉटस्पॉट मैप तैयार किया जाए। मैप से पहचान कर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान निकले।
सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में डीएम ने 146 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। भूमि पर अवैध कब्जा, अतिक्रमण, सीमांकन, बैंक ऋण माफी, बिजली, पेयजल और विधिक-आर्थिक सहायता की शिकायतें प्रमुख रहीं। डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों और निर्माणदायी विभागों के अधीक्षण अभियंताओं को कहा कि समाधान दिवस में व्यक्तिगत उपस्थिति न हो तो वर्चुअल जुड़ना अनिवार्य है। चकराता और कालसी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए।
पारिवारिक विवाद से पीड़ित महिलाओं के मामलों में डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को वन स्टॉप सेंटर के जरिए त्वरित सहायता और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। बढ़ते मारपीट-विवाद पर पुलिस को सख्त कार्रवाई को कहा।

तत्काल कार्रवाई के आदेश
- चकराता के ग्राम नाड़ा में पीएमजीएसवाई सड़क कटिंग के बाद सुरक्षा दीवार न बनाने से सेब बागानों को खतरे पर अधिशासी अभियंता को 7 दिन में कार्रवाई।
- ऋषिकेश त्रिवेणी घाट स्थित खुर्जा वाली धर्मशाला भूमि पर अवैध कब्जे पर एसडीएम ऋषिकेश और नगर निगम को तुरंत कार्रवाई।
- पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सालावाला के बाहर अतिक्रमण और तंबाकू बिक्री पर एसपी और सहायक नगर आयुक्त को 7 दिन में कार्रवाई।
- सहसपुर में भूमाफियाओं द्वारा मारपीट के बावजूद कार्रवाई न होने पर पुलिस-राजस्व को तत्काल जांच।
- ग्राम छरबा में तालाब-बंजर भूमि पर अतिक्रमण पर तहसीलदार विकासनगर को हटाने के आदेश।
- मोहिनी रोड पर बिना अनुमति सड़क खुदाई पर एसडीएम सदर को जांच कर कठोर कार्रवाई।
बैंक लोन शिकायतों पर डीएम ने लीड बैंक मैनेजर से सिविल जांच न होने पर सवाल उठाया। डोईवाला की सुदामी देवी ने पारिवारिक संपत्ति विवाद और अंबेडकर मार्ग के राजेन्द्र कुमार ने बिजली बिल माफी की शिकायत दर्ज कराई।
मौके पर एडीएम वित्त के.के. मिश्रा, एडीएम प्रशासन स्मृता परमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी और वर्चुअल माध्यम से सभी एसडीएम मौजूद रहे।

Recent Comments