
देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर सोमवार को राजधानी देहरादून में सचिवालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के सभी 13 जिलों से हजारों की संख्या में प्राथमिक शिक्षकों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में TET प्रक्रिया को समाप्त करने तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग उठाई। शिक्षकों का कहना था कि लंबे समय से इन मांगों को लेकर सरकार से आग्रह किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रुप दिया जाएगा।
इस आंदोलन को उत्तराखण्ड राज्य राजकीय शिक्षक संघ, जूनियर शिक्षक संघ, उत्तराखण्ड राज्य कर्मचारी शिक्षक संघ, NMOPS, NORUF सहित 16 से अधिक राज्यों के प्राथमिक शिक्षक संगठनों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने नारेबाजी कर शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया। स्थानीय जनता का भी आंदोलन को समर्थन मिलता दिखाई दिया।
सचिवालय घेराव कार्यक्रम में भिकियासैंण ब्लॉक से भी शिक्षकों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। ब्लॉक संरक्षक राजेंद्र घुघत्याल एवं अध्यक्ष गौरव रावत के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रदर्शन में भागीदारी की।
शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ज्ञान रावत, विनोद कुमार, ममता रावत, प्रदीप शर्मा, कैलाश शर्मा, महेश चंद्रा, प्रेम प्रकाश जोशी, ठाकुर पाल, अमित तंवर, सतीश कुमार, भास्कर, प्रकाश चंद्र, ताजुल हसन, राजेश कुमार, खुर्शीद आलम, प्रदीप सती, आदित्य पंत, यशपाल तथा अमित धीमान सहित अनेक क्षेत्रो से शिक्षक शामिल रहे।

Recent Comments