
अल्मोड़ा । द्वाराहाट से कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में शासन-प्रशासन पर निशाना साधते हुए अधिकारियों पर भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, ऐसे में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर सरकारी धन खर्च करने का कोई औचित्य नहीं है।
विधायक बिष्ट ने जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जल निगम और जल संस्थान के अधिकारी आपस में ही तालमेल नहीं बना पा रहे हैं। गांवों में नल तो लगा दिए गए, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही, जबकि लोगों को बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका जवाब जनता को जनप्रतिनिधियों से मांगना पड़ रहा है। हाल ही में बहुउद्देशीय शिविर में हुए विवाद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसा नियम बनाना चाहिए, जिससे सरकारी बैठकों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को भी शामिल होने की अनुमति मिले।
विधायक ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव 2027 के बजाय वर्ष 2026 में ही हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता सरकार को बदलने का मन बना चुकी है और कांग्रेस को केवल बेहतर रणनीति के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, विधायक मनोज तिवारी और नगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी मौजूद रहे।

Recent Comments