
एकीकृत कृषि मॉडल और साइबर सुरक्षा पर जोर
पौड़ी। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और समन्वित कार्यप्रणाली पर जोर दिया।
सचिव ने सभी विभागों के नामपट्ट संस्कृत में भी अंकित कराने, जनता दरबार-चौपाल के दौरान अधिकारियों को क्षेत्र में रात्रि विश्राम करने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कृषि समीक्षा में उन्होंने जुलाई तक तीन विकासखंडों में एकीकृत कृषि मॉडल तैयार कर सितंबर तक सभी ब्लॉकों में लागू करने को कहा। वन पंचायतों को घेरबाड़ कार्यों में जोड़ने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं और हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। NRLM के तहत शीर्ष-10 स्वयं सहायता समूहों और ‘लखपति दीदी’ समूहों को सम्मानित करने के निर्देश दिए। पर्यटन में सतपुली झील को जल्द पूरा कर स्यूंसी झील को भी उसी तर्ज पर विकसित करने और होमस्टे-होटल सब्सिडी प्रकरणों का बैंक समन्वय से निस्तारण करने को कहा।
स्वास्थ्य मिशन में शिशु-मातृ मृत्यु दर और टीबी मुक्त अभियान की प्रगति देखी। लैंड होल्डिंग सरलीकरण, कीवी-सेब-ड्रैगन फ्रूट मिशन, पीएमजीएसवाई, शिक्षा सहित योजनाओं के नवाचारी प्रचार पर जोर दिया।
साइबर अपराध रोकने के लिए स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता, अधिकारियों का प्रशिक्षण, हेल्पलाइन 1930 का प्रचार और बस अड्डों-रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच के निर्देश दिए। नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई को कहा।
बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ शिवमोहन शुक्ला सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments