
मालदेवता मलबा हटाने और कोचिंग संचालकों के उत्पीड़न पर रोक की भी उठाई मांग
देहरादून। कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में एक कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रीतम सिंह ने कहा कि विधानसभा में जहां शहीदों के चित्र स्थापित हैं, वहां शहीद बलबीर सिंह नेगी का चित्र भी लगाया जाना चाहिए। उन्होंने लोहारी नागपाला परियोजना से विस्थापित पीड़ित परिवारों को आसपास की खाली पड़ी भूमि पर तत्काल बसाए जाने की भी मांग की।
मानसून को देखते हुए प्रीतम सिंह ने मालदेवता क्षेत्र में पड़े मलबे को तत्काल हटाने की मांग की और कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले प्रशासन को यह कदम उठाना जरूरी है। कोचिंग संचालकों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि दून के अधिकांश कोचिंग सेंटरों में अग्निशमन यंत्र लगे हैं, छात्र संख्या सीमित रखी जा रही है और जागरूकता भी फैलाई जा रही है। करनपुर की इमारतें एमडीडीए गठन से पूर्व की होने के कारण व्यावसायिक नक्शा उपलब्ध नहीं है, इसलिए अग्निशमन विभाग पहले संस्थानों को पूर्व सूचना और सुधार का समय दे, सीधी कार्रवाई से बचा जाए।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री अजय सिंह, सूरत सिंह नेगी, मोहित नेगी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments