
ऋषिकेश/पौड़ी,। गंगा स्नान के दौरान कीमती सामान खोने से मायूस हुई दिल्ली की महिला पर्यटक को पौड़ी पुलिस की तत्परता ने बड़ी राहत दी। पुलिस ने अथक प्रयास के बाद महिला का डेढ़ लाख रुपये से अधिक का गुम हुआ सामान सकुशल बरामद कर उनके चेहरे पर फिर से मुस्कान लौटा दी।
श्रीमती सीमा देवी, निवासी दिल्ली, आज अपने पुत्र-पुत्री के साथ ऋषिकेश यात्रा पर आई थीं। परमार्थ निकेतन घाट पर गंगा स्नान के दौरान उनका एक छोटा पर्स कहीं गुम हो गया। पर्स में एक जोड़ी सोने के कुंडल, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 रुपये है, और 7,600 रुपये नकद रखे थे।
कीमती सामान गुम होने से परेशान सीमा देवी ने तुरंत चौकी रामझूला में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल सुवर्धन, हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह और पीआरडी जवान विमल बिष्ट ने बिना देरी किए खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, मेहनत और सतर्कता रंग लाई और कुछ ही देर में महिला का पर्स उसकी पूरी सामग्री समेत बरामद कर लिया गया।
खोया हुआ पर्स, सोने के कुंडल और नकदी वापस पाकर सीमा देवी और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य की दिल से प्रशंसा की और आभार जताया। पुलिस की इस मानवीय पहल से पर्यटकों का उत्तराखंड पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Recent Comments