
देहरादून/रायवाला, 27 जून: शादी के बाद से लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाने वाली महिला के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायवाला पुलिस ने मृतका के पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के कपड़ों से बरामद सुसाइड नोट इस केस में अहम सबूत बना।
घटना 25 जून की है। अठूरवाला जौलीग्रांट, डोईवाला निवासी जयबीर सिंह ने 26 जून को थाना रायवाला में तहरीर दी कि उनकी 33 वर्षीय बहन शकुंतला की शादी 2018 में खैरीखुर्द, रायवाला निवासी सुशील बर्थ्वाल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सुशील अपनी पत्नी शकुंतला के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। कई बार समझाने के बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पति की प्रताड़ना से तंग आकर शकुंतला ने 25 जून को फांसी लगाकर जान दे दी।
तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मु0अ0स0 105/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने नामजद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतका शकुंतला के कपड़ों से सुसाइड नोट बरामद हुआ। वादी की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने 27 जून को आरोपी पति सुशील बर्थ्वाल पुत्र स्व0 कुन्दन सिंह, उम्र 43 वर्ष, निवासी खैरीखुर्द को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई में उ0नि0 नमिता सैनी, का0 हंसराज और का0 अनित कुमार शामिल रहे।

Recent Comments