
देहरादून,। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी में टिकट के लिए योग्य और संगठन के प्रति समर्पित कार्यकर्ता को ही सर्वोच्च प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा टिकट या किसी भी प्रकार की दावेदारी को लेकर सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर बयानबाजी पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
भट्ट ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता की कोई इच्छा, दावेदारी या सुझाव है, तो वह उसे संगठन के समक्ष आंतरिक रूप से उचित फोरम और समय पर रखे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में चुनावी महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसके प्रकटीकरण का समय और प्रक्रिया पार्टी में निर्धारित है। इससे अलग प्रक्रिया को अनुशासनहीनता माना जाएगा।
उन्होंने बताया कि मीडिया और सोशल मीडिया में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए दावेदारी की खबरों को लेकर राज्य से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक में बेहद नाराजगी है। भट्ट ने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचारों पर चलने वाला दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जिसकी वजह ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम’ की सोच है।
प्रदेश अध्यक्ष ने नसीहत दी कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की मर्यादा और अनुशासन को सर्वोच्च रखें। पार्टी अनुशासन के विरुद्ध जाने वालों के खिलाफ संगठन कड़ी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि उचित समय पर केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मेरिट और संगठनात्मक प्रक्रिया के अनुसार टिकट पर निर्णय लिया जाएगा।

Recent Comments