
करीब 3 लाख रुपये की स्मैक बरामद, आरोपी पर एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और दून पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत विकासनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.67 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात डाकपत्थर स्थित पीठ ग्राउंड के पास मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान बुरहान (31 वर्ष) निवासी विशाल कॉलोनी, जीवनगढ़, विकासनगर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और स्मैक की तस्करी में लिप्त था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बुरहान विकासनगर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट सहित चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के करीब 24 मुकदमे दर्ज हैं। वह कई बार जेल भी जा चुका है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Recent Comments