
हरिद्वार,। जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन में केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसलिए सभी विभाग समन्वय से प्रभावी क्रियान्वयन करें।
बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा हुई। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी पात्रों को समयबद्ध लाभ देने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव ने जी राम जी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित अवधि तक रोजगार देने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को नियमित राशन वितरण और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई होगी। जनपद में चिकित्सकों की कमी दूर कर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों की सराहना की।
जनपद आगमन पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रभारी सचिव का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया। डीएम ने आश्वस्त किया कि सभी दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीएमओ डॉ. आर के सिंह, पीडी डीआरडीए नलिनीत घल्डियाल, डीडीओ वेद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सतीश जोशी, एसई पीडब्ल्यूडी डीप सिंह समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments