“ऑपरेशन प्रहार” का असर! एक ही दिन में स्नैचिंग, चोरी और शराब तस्करी के तीन मामलों का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार

एसएसपी देहरादून की सख्त रणनीति से अपराधियों में हड़कंप, पटेलनगर में स्नैचर व चोर धराए, त्यूणी में 20 पेटी अवैध शराब बरामद

देहरादून। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चल रहे अभियान का असर लगातार दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटों में दून पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए कुल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है।

पटेलनगर में स्नैचिंग का खुलासा, नशेड़ी युवक गिरफ्तार

कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में 3 जुलाई को वादी हरीश कुमार से अज्ञात बाइक सवारों द्वारा मोबाइल फोन व नगदी छीनने की घटना सामने आई थी, जिस पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, जिसके आधार पर 4 जुलाई को आईएसबीटी के पास से अभियुक्त ऋषभ (19), निवासी क्लेमनटाउन, को गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त नशे का आदी है और अपने साथी के साथ मिलकर नशे की पूर्ति के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।

गोदाम चोरी मामले में दो गिरफ्तार, एक किशोर संरक्षण में

इसी थाना क्षेत्र में चौहान हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री के गोदाम से ब्रांस, कॉपर व कांसे की मूर्तियों सहित अन्य सामान चोरी होने की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से 5 जुलाई को मंडी के पीछे चक्की टोल क्षेत्र से राहुल साहनी (24) और गोपाल साहनी (27), दोनों मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के निवासी, को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया। इनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे भी नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करते थे और कुछ माल कबाड़ियों को बेच चुके थे।

त्यूणी में 20 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन को साकार करने की दिशा में चल रहे अभियान के तहत थाना त्यूणी पुलिस ने 4 जुलाई को अटाल माइंस रोड जंगलात बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक बोलेरो वाहन से 20 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन चालक नरवीर सिंह, निवासी हिमाचल प्रदेश, को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर लिया।

एसएसपी देहरादून ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों, नशा तस्करों और चोरों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments