
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेना होगा. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और संगठन की मजबूती के बल पर भाजपा एक बार फिर ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी.
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ऋषियों, संतों और महापुरुषों की भूमि है, जिसने देश को नई दिशा दी है. भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए कार्य कर रही है. उन्होंने विपक्ष पर तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर आगे बढ़ रही है.
नितिन नबीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, माफियाराज और तुष्टिकरण की राजनीति हावी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर विकास और सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है और महिलाओं, युवाओं, किसानों तथा वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य हो रहा है.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शक्ति केंद्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का केंद्र बिंदु हैं और चुनाव की जीत का आधार बूथ और शक्ति केंद्र ही होते हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर माह प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने और उसके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को माफियाराज और गुंडाराज से मुक्त कर विकास, सुरक्षा और सुशासन का वातावरण बनाया है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल समाज को बांटने और वोटबैंक की राजनीति करने में लगे हैं, जबकि भाजपा राष्ट्रहित और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है.

Recent Comments