भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट मोड! IG निवेदिता कुकरेती का चंपावत दौरा, अधिकारियों को सख्त हिदायत

बनबसा बॉर्डर का निरीक्षण कर की समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण से लेकर साइबर क्राइम और नशा तस्करी तक हर मोर्चे पर मांगी सख्ती

चंपावत। कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, आईपीएस ने जनपद चंपावत का दौरा कर भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक भी की।

भ्रमण की शुरुआत करते हुए आईजी कुकरेती सबसे पहले बनबसा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर पहुंचीं, जहां उन्होंने सीमा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली, सुरक्षा प्रबंधों और सतर्कता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सीमा पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जनपद प्रभारी और सभी राजपत्रित अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान, यातायात प्रबंधन और लंबित विवेचनाओं जैसे कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। आईजी ने जनहित और प्रभावी पुलिसिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी अधिकारियों को संवेदनशील, जवाबदेह और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।

उन्होंने अपराधों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण अनावरण, महिला-बाल सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने, साइबर अपराधों के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा नशा तस्करी के खिलाफ निरंतर व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि जनता से बेहतर संवाद, शिकायतों का त्वरित निस्तारण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करना होगा, जिससे आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments