रामनगर के रिजॉर्ट में पार्टी की आड़ में चल रहा था देह व्यापार का काला कारोबार, पुलिस छापे में 62 गिरफ्तार

छापेमारी में नाबालिग भी मिले शामिल, जीएम फरार, सबूत मिटाने की कोशिश उजागर

रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक चर्चित रिजॉर्ट में संचालित हो रहे अवैध देह व्यापार रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस छापेमारी में कुल 62 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक नाबालिग बालिका और एक नाबालिग किशोर भी शामिल पाए गए हैं। घटना के बाद रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है, जबकि इसका जनरल मैनेजर पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हो गया।

एसएसपी नैनीताल के दिशा-निर्देश पर की गई इस छापेमारी में पुलिस टीम ने रिजॉर्ट में चल रही एक पार्टी के दौरान दबिश दी। प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई कि पार्टी की आड़ में यहां संगठित रूप से देह व्यापार का नेटवर्क चलाया जा रहा था।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि 4 और 5 जुलाई की तारीखों के लिए यह रिजॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक कराया गया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान महिलाओं की व्यवस्था के एवज में प्रति महिला लगभग 10 हजार रुपये की दर तय की गई थी। पुलिस अब इस पूरे प्रकरण में हुए आर्थिक लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है।

पूछताछ में यह तथ्य भी उजागर हुआ कि रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर ने अपने स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दे रखे थे कि पार्टी में शामिल होने वाले मेहमानों और महिलाओं का नाम रजिस्टर में दर्ज न किया जाए। पुलिस इसे सबूत छिपाने की सुनियोजित कोशिश मान रही है, और इसी आधार पर रिजॉर्ट को सील करने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी लोगों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस टीम मोबाइल फोन, दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड सहित तमाम साक्ष्यों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा क्या पहले भी इस तरह की गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं। मामले में फरार चल रहे जनरल मैनेजर की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के उपरांत ठोस साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments