डीएम आशीष चौहान का निर्देश: सभी विभाग 100% ई-ऑफिस अपनाएं, फाइलों का निस्तारण अब ऑनलाइन

देहरादून । सरकारी कामकाज को तेज, पारदर्शी और पेपरलेस बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने जनपद में ई-ऑफिस की प्रगति का जायजा लिया और तकनीकी बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है। अधिकांश विभागों में अब पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से हो रहा है। इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता आई है, समय की बचत हो रही है और कार्यों की ऑनलाइन निगरानी भी आसान हुई है।

समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में आ रही तकनीकी समस्याओं का जिक्र किया। इस पर डीएम ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तुरंत संज्ञान लेने और जरूरी सुधार करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की प्राथमिकता वाली योजना है, जिसका मकसद कार्यालयों को पूरी तरह पेपरलेस और त्वरित बनाना है। इसलिए सभी विभाग तकनीकी दिक्कतें दूर कर ई-ऑफिस का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें।

डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के संचालन और निस्तारण को गंभीरता से अपनाएं। लंबित प्रकरणों का निपटारा समयबद्ध तरीके से हो। अगर कहीं तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित टीम से समन्वय कर तुरंत समाधान कराया जाए ताकि सरकारी काम की गति प्रभावित न हो।

बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा और आईटीडीए की तकनीकी टीम के सदस्य आशीष, दीक्षा, विवेक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments