

6 घंटे बाद शुरू हुआ तेज दर्द, अभी खतरे से बाहर नहीं
कोलकोता । प्रभास की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा को जहरीले कीड़े या मकड़ी के काटने के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें कोलकाता के ढाकुरिया स्थित मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
यह जानकारी अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने राजेश शर्मा के परिवार की ओर से जारी एक प्रेस नोट में दी है। प्रेस नोट के अनुसार यह घटना हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान हुई। पैकअप के बाद राजेश शर्मा घने पेड़ों वाले इलाके में स्थानीय लोगों से बात कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी के काटने का एहसास हुआ। शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया गया, इसलिए उन्होंने तुरंत मेडिकल मदद नहीं ली और अपनी दिनचर्या जारी रखी।
करीब 6 घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ। इसके बावजूद वह कोलकाता लौटने वाली फ्लाइट में सवार हो गए। यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया और तबीयत बिगड़ती गई। अगले दिन उन्हें मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां वह एक दिन से अधिक समय से डॉक्टरों की देखरेख में हैं।
परिवार के अनुसार राजेश शर्मा को तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। संक्रमण दाहिने पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया है और प्रभावित जगह पर बड़े-बड़े छाले हो गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अभी स्थिति को लेकर कोई अंतिम बात कहना जल्दबाजी होगी। फिलहाल वह खतरे से बाहर नहीं हैं।
डॉक्टरों को आशंका है कि संक्रमण की वजह से खून का थक्का बन सकता है। अगर यह थक्का फेफड़ों तक पहुंचता है तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसी वजह से उनकी लगातार जांच और इलाज किया जा रहा है। परिवार को उम्मीद है कि गुरुवार को डॉक्टर उनकी स्थिति पर आधिकारिक अपडेट देंगे।
परिवार ने प्रेस नोट में मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, दोस्तों और शुभचिंतकों का धन्यवाद किया है। साथ ही अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी का विशेष आभार जताया गया है, जिन्होंने इस मुश्किल समय में परिवार का सहयोग किया।
बता दें कि प्रभास इन दिनों निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म फौजी और संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म स्पिरिट की शूटिंग कर रहे हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि यह घटना किस फिल्म के सेट पर हुई। राजेश शर्मा हाल ही में भूत बांग्ला और कृष्णावतारम पार्ट 1 द हार्ट जैसी फिल्मों में नजर आए थे।

Recent Comments