

डीएम मयूर दीक्षित का आदेश, तय समय से पहले सुगम बनेगा कांवड़ मार्ग
हरिद्वार। आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रही पावन कांवड़ यात्रा की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मूलभूत व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई 2026 तक पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी विभागों द्वारा धरातल पर कार्य त्वरित गति से किए जा रहे हैं।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने बताया कि कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान और शौचालयों का मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें रानीपुर झाल, पथरीपुल, इमली खेड़ा क्षेत्र शामिल हैं। कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित सभी स्थाई और अस्थाई शौचालयों का मरम्मत कार्य भी किया जा रहा है।

अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड हरिद्वार खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि शिव भक्तों की सुरक्षा के लिए गंगा घाटों का मरम्मत और सुरक्षा के लिए रेलिंग एवं जंजीर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही रुड़की एवं हरिद्वार डिविजन द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश बिश्नोई ने कहा कि सभी टीमें ग्राउंड पर सक्रिय हैं और जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत तय समय-सीमा से पहले ही कांवड़ पटरी मार्ग को पूरी तरह सुगम और साफ-सुथरा बना दिया जाएगा।

Recent Comments