

पौड़ी में पर्यटन को बढ़ावा, होमस्टे का मानचित्र और सुविधाएं होंगी वेबसाइट पर
पौड़ी। जनपद के सभी पंजीकृत होमस्टे के लिए भौतिक सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। साथ ही होमस्टे की गुणवत्ता के अनुरूप उनकी श्रेणी तय की जाएगी। निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्कृष्ट सुविधाएं देने वाले होमस्टे को उच्च श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा जबकि कम मानकों वाले होमस्टे की श्रेणी का पुनर्निर्धारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने पर्यटक विभाग को सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने शनिवार को पर्यटक स्थल विकासखंड खिर्सू में विभिन्न होमस्टे भवनों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से जिले में उपलब्ध होमस्टे की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नियमित निरीक्षण और पारदर्शी ऑनलाइन व्यवस्था की जानी जरूरी है। इससे पर्यटकों को होमस्टे का लाभ और लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी पंजीकृत होमस्टे का मानचित्र सत्यापित करने के साथ ही उनकी अपडेट जानकारी पर्यटन विभाग की वेबसाइट व एनआईसी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक होमस्टे की लोकेशन, संपर्क विवरण, उपलब्ध सुविधाएं और श्रेणी का ऑनलाइन डाटा वेबसाइट पर उपलब्ध होना चाहिए। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आसानी से होमस्टे की श्रेणी के अनुसार उसका चयन कर सकेंगे।
डीएम ने खिर्सू स्थित माउंटेन पीक और रिवाज होमस्टे का निरीक्षण कर संचालकों से संवाद किया। इस दौरान पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, संचालन व्यवस्था, आवश्यक अभिलेखों और चेकलिस्ट का अवलोकन किया।
इस मौके पर एसडीएम नूपुर वर्मा, डीडीओ कमल किशोर जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी आदि मौजूद रहे।

Recent Comments