खिर्सू में लगा जनसेवा शिविर, डीएम और राज्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, 526 लोगों ने लिया लाभ 

एक छत के नीचे मिलीं सरकारी सेवाएं,मौके पर वितरित हुए कृषि यंत्र और किट 

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” थीम के अंतर्गत विकासखंड खिर्सू सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए सेवा पखवाड़ा अभियान की जानकारी दी।

शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, विद्यालयी शिक्षा, उद्योग, ग्रामोत्थान, सहकारिता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, कृषि, उद्यान, सेवायोजन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में आधार पंजीकरण एवं अद्यतन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक लाभार्थी का विवरण सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। राज्यमंत्री ने खिर्सू क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 12 बालिकाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने महिला सुविधा के लिए स्थापित सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन का अवलोकन किया और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों का निरीक्षण किया।

शिविर में क्षेत्रवासियों ने खिर्सू में पेयजल वितरण व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, समाज कल्याण पेंशन तथा श्रीनगर-खिर्सू मोटर मार्ग पर मलबा जमा होने जैसी समस्याएं उठाईं। इस पर जिलाधिकारी ने पेयजल वितरण लाइन का सर्वे कर नई योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने और ब्लॉक परिसर में पेयजल कनेक्शन तत्काल लेने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने और जरूरत पड़ने पर मरीजों को “खुशियों की सवारी” के माध्यम से निकटस्थ अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। मोटर मार्ग पर मलबा हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा। समाज कल्याण पेंशन संबंधी शिकायतों पर विवरण दर्ज कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसेवा शिविरों का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं को सूचना अवश्य दी जाए और विभागीय अधिकारी नियमित रूप से ग्राम स्तर पर उपस्थित रहकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।

शिविर में उद्यान विभाग ने 30 लाभार्थियों को कृषि यंत्र एवं पौध, कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि यंत्र, पौध एवं उर्वरक वितरित किए। होम्योपैथिक विभाग ने 79, आयुर्वेदिक विभाग ने 87 और स्वास्थ्य विभाग ने 45 लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां दीं। एनआरएलएम से 22, ग्रामोत्थान रीप से 22, उद्योग से 15, सहकारिता से 03 और राजस्व से 4 लाभार्थियों को लाभ मिला। कुल 526 लोगों ने प्रतिभाग किया और 21 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेय सयाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments