

17 जुलाई को राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद,उठाएंगे पेपर लीक का मुद्दा
हरिद्वार। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने हरिद्वार के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रणनीति पर चर्चा की और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक में विशाल सिंह भोजक ने बताया कि राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में युवाओं और छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के देशव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई थी।
अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था में सुधार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनिश्चितता, बढ़ते मानसिक तनाव, महंगी कोचिंग और डिग्री के बावजूद रोजगार नहीं मिलने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार से परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पेपर लीक की घटनाओं की जवाबदेही तय करने और परीक्षाओं व सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर लागू करने की मांग कर रही है।
उन्होंने बताया कि देहरादून के कार्यक्रम में करीब 20 हजार युवाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए डिजिटल अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें छात्र ऑनलाइन अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं।
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी, महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, समर्थ अग्रवाल, सागर बेनीवाल, निखिल सौदाई, आशु श्रीवास्तव, राव शादाब सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments