उत्तराखंड में 4600 ग्रेड पे को लेकर AAP का बड़ा प्रदर्शन, पुलिस मुख्यालय घेरा; सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने की मांग को लेकर सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां, बैनर और पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा पुलिस कर्मियों की मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस के जवान 24 घंटे प्रदेश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। कोरोना महामारी, प्राकृतिक आपदाओं और चारधाम यात्रा जैसे चुनौतीपूर्ण अवसरों पर पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन सरकार ने उनके वेतन और सुविधाओं की अनदेखी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों में पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे का लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड में अब भी यह मांग लंबित है।

उन्होंने सरकार से पुलिस कर्मियों को 4600 ग्रेड पे देने, पुलिस विभाग में रिक्त 20 हजार से अधिक पदों को छह माह के भीतर भरने, पुलिस लाइनों में जर्जर बैरकों एवं आवासों की स्थिति सुधारने, आठ घंटे की ड्यूटी व्यवस्था लागू करने तथा अतिरिक्त कार्य के लिए ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर इन मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवारों से दूर रहकर दिन-रात कानून-व्यवस्था बनाए रखने, वीआईपी ड्यूटी और सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं। सरकार को उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।

प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इस दौरान श्याम बाबू पाण्डेय, नसीर खान, हिमांशु पुंडीर, विपिन खन्ना, डी.के. पाल, अशोक सेमवाल, वी.के. बजाज, कमल राणा, हितेश कुमार शर्मा, नरेन्द्र गिल, राजीव तोमर, शुभम, गीता सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments