

देहरादून। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम NCAP के अंतर्गत नगर निगम देहरादून ने शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों के समग्र सुधार और आधुनिकीकरण का प्रस्ताव तैयार किया है। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में तैयार इस प्रस्ताव का मकसद यातायात को सुगम बनाना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना, जाम कम करना और वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण में कमी लाना है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जंक्शनों का विकास वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन के मानकों के अनुसार किया जाए ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिले और वायु गुणवत्ता में सुधार हो।
प्रस्ताव के अनुसार चिन्हित जंक्शनों पर जंक्शन ज्यामिति में सुधार, फ्री लेफ्ट टर्न, लेन विकास, पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ और ज़ेब्रा क्रॉसिंग, रिफ्यूज आइलैंड, आधुनिक ट्रैफिक साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टिव स्टड, क्रैश बैरियर, सड़क सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। इसके साथ ही स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे और आवश्यकता अनुसार AI आधारित ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम भी स्थापित किए जाएंगे।
प्रत्येक जंक्शन के सौंदर्यीकरण पर भी फोकस रहेगा। हरित पट्टियों, लैंडस्केपिंग, सजावटी पौधारोपण, आकर्षक लाइटिंग, पब्लिक आर्ट और नगर की सांस्कृतिक पहचान दर्शाने वाले तत्व विकसित किए जाएंगे।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि जंक्शनों का वैज्ञानिक सुधार सिर्फ यातायात बेहतर करने के लिए नहीं है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाएं कम होंगी, यात्रा समय और ईंधन की बचत होगी तथा वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि NCAP के उद्देश्यों के अनुरूप यह प्रस्ताव शहर को सुरक्षित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में मदद करेगा।
प्रस्ताव को तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद तय मानकों और समयसीमा में कार्य शुरू किए जाएंगे।
बैठक में आरटीओ डॉ. अनीता चमोला, सीओ ट्रैफिक जगदीश सी. पंत, उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मारवाह, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मुश्ताक आलम और ललित मोहन उपस्थित रहे।

Recent Comments