

पौड़ी में 1 दिन में 1 लाख पौधे, हरेला पर देवदार-बाँज-बुरांश का रोपण
पौड़ी। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रकृति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में गुरुवार को पूरे जनपद में हरेला महाअभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंडों, तहसीलों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सरकारी संस्थानों तक व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। इस एक दिवसीय अभियान के तहत जनपद में लगभग एक लाख पौधे रोपित किए गए।
जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान हिमालयी पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण देवदार, बाँज, बुरांश, काफल और अंगू जैसी स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इन प्रजातियों का चयन पर्यावरणीय संतुलन, जल संरक्षण और जैव विविधता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया।

हरेला महाअभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों, तहसीलों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, वन क्षेत्रों, अमृत सरोवरों और सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधरोपण हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि हरेला हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रकृति के प्रति उत्तराखंड की आस्था का प्रतीक है। पर्यावरण संरक्षण अब केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब हम लगाए गए पौधों की देखभाल को अपना नैतिक कर्तव्य समझें।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। इस अभियान का उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पौधों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाएं और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी जिम्मेदारी भी निभाएं।

प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने बताया कि जनपद के सभी क्षेत्रों में उत्साह के साथ हरेला मनाया गया। इस वर्ष लगभग एक लाख पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments