

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मां चंडी देवी मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों, प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित आसपास के क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि पूरे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनी रहनी चाहिए और कूड़ा-करकट का समय-समय पर निस्तारण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन और आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांच कर उन्हें पूर्ण रूप से दुरुस्त रखने और सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न होने दिया जाए। यदि कहीं अतिक्रमण पाया जाता है तो संबंधित विभाग उसे तत्काल प्रभाव से हटाते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Recent Comments