NEP-2020 में उत्तराखंड ने पूरे किए 71 लक्ष्य, 5982 बालवाटिकाएं शुरू, मंत्री धन सिंह बोले- हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

देहरादून। उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन में तेजी आई है। भारत सरकार के ‘सार्थक ट्रैकर’ पर विद्यालयी शिक्षा विभाग को दिए गए 202 लक्ष्यों में से अब तक 71 लक्ष्य पूर्ण कर लिए गए हैं। जबकि 111 लक्ष्यों पर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है।

SCERT की निदेशक वंदना गब्र्याल ने बताया कि NEP लागू होने के बाद राज्य में प्री-प्राइमरी एजुकेशन पर विशेष फोकस किया गया। इसके तहत SCERT सहित सभी 13 डायट्स में 14 मॉडल बालवाटिकाएं स्थापित की गई हैं। वहीं प्रदेश के सभी 5982 को-लोकेटेड आंगनवाड़ी केंद्रों में बालवाटिकाओं का संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बालवाटिका कक्षाओं के प्रभावी संचालन के लिए 11,196 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों और अधिकारियों को वर्चुअल स्टूडियो के माध्यम से दो चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को आनंददायक बनाने के लिए सभी प्राथमिक विद्यालयों में ‘जादुई पिटारा’ उपलब्ध कराया गया है, जिसमें 27 प्रकार के खिलौने और 13 प्रकार की शिक्षण सामग्री शामिल है। साथ ही सभी स्कूलों में स्कूल रेडीनेस मॉड्यूल ‘आरोही’ लागू किया गया है।

निपुण भारत मिशन के तहत बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान की पुस्तिकाएं विकसित कर स्कूलों में पढ़ाई जा रही हैं। इनकी मॉनिटरिंग ‘प्रगति ऐप’ से की जा रही है। छात्र नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अब तक 6 से 14 वर्ष के 3,198 ड्रॉपआउट बच्चों को चिन्हित कर ब्रिज कोर्स से शिक्षा से जोड़ा गया है। 5,086 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में से 354 को गृह-आधारित शिक्षा दी जा रही है।

निदेशक ने बताया कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या के अनुरूप राज्य पाठ्यचर्या तैयार कर ली गई है। कौशल आधारित शिक्षक प्रशिक्षण, समावेशी शिक्षा, माध्यमिक स्तर पर व्यावसायिक शिक्षा, बहुभाषिकता और डिजिटल शिक्षा से जुड़े लक्ष्य भी पूरे किए गए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि “उत्तराखंड सरकार NEP-2020 के प्रावधानों को पूरी प्रतिबद्धता से लागू करने में जुटी है। सार्थक ट्रैकर पर 202 में से 71 लक्ष्य पूरे करना हमारी टीम वर्क का प्रमाण है। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, नवाचार आधारित और रोजगारोन्मुख शिक्षा पहुंचाना है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लक्ष्यों को भी समय पर पूरा कर उत्तराखंड को NEP क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित किया जाएगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments