

देहरादून। देहरादून महायोजना-2041 पर सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए आमजन को एक और मौका मिला है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण MDDA 25 जुलाई से एक सप्ताह तक प्राधिकरण कार्यालय में विशेष कैंप लगाएगा।
MDDA ने बताया कि 6 जुलाई से 21 जुलाई तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुनवाई शिविर आयोजित किए गए थे। इनमें बड़ी संख्या में नागरिकों, भू-स्वामियों और संस्थाओं ने भाग लेकर महायोजना के प्रारूप पर अपनी राय रखी। लेकिन कई लोग व्यक्तिगत या व्यावसायिक कारणों से निर्धारित तिथियों में सुझाव नहीं दे सके।
इसी को देखते हुए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर 25 जुलाई 2026 से एक सप्ताह तक MDDA कार्यालय में विशेष कैंप लगाया जाएगा। इस दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति, भू-स्वामी, संस्था या अन्य हितधारक कार्यालय पहुंचकर अपनी आपत्ति या सुझाव लिखित रूप में जमा कर सकता है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के भविष्य की विकास दृष्टि है। इसमें आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, हरित क्षेत्र, परिवहन और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना कोई भी महायोजना प्रभावी नहीं हो सकती। इसलिए जिन लोगों की राय पहले दर्ज नहीं हो पाई, उन्हें फिर से अवसर दिया जा रहा है।
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि कैंप अवधि में प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर अपनी बात रखें, ताकि अंतिम महायोजना को अधिक जनहितकारी बनाया जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि महायोजना को अंतिम रूप देने से पहले स्थानीय आवश्यकताओं और जनभावनाओं को पूरी तरह शामिल किया जाएगा।

Recent Comments