

देहरादून। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड की राजनीति में छात्र आंदोलन को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने रविवार को देहरादून के द्रोण चौक पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि महेंद्र भट्ट ने छात्र आंदोलन में शामिल युवाओं के लिए कथित रूप से अपमानजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे प्रदेश के छात्रों में भारी आक्रोश है।
प्रदर्शन से पहले उत्तराखंड क्रांति दल के मूल निवास-भू कानून प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने एक वीडियो जारी कर महेंद्र भट्ट पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा छात्रों के लिए कथित रूप से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसका उत्तराखंड क्रांति दल पुरजोर विरोध करता है।
टोडरिया ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इस बात का प्रमाण है कि देशभर के छात्रों द्वारा उठाई गई मांगें उचित थीं। उनका दावा था कि पेपर लीक के खिलाफ चले आंदोलन में लाखों छात्र, अभिभावक, पूर्व सैनिक तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल भी शुरुआत से छात्रों के पक्ष में आंदोलन करता रहा है और पूर्व में धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज करा चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती रहीं, लेकिन संबंधित जिम्मेदार लोगों द्वारा इन्हें रोकने के प्रभावी प्रयास नहीं किए गए। टोडरिया ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके लिए कथित रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने महेंद्र भट्ट से सार्वजनिक रूप से छात्रों से माफी मांगने तथा अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो उत्तराखंड क्रांति दल राज्यभर में उनके कार्यक्रमों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।
इससे पूर्व उत्तराखंड क्रांति दल, महानगर देहरादून की ओर से मीडिया को जारी सूचना में द्रोण चौक पर विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई थी। निर्धारित समय पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर प्रदर्शन किया और महेंद्र भट्ट का पुतला दहन किया। उत्तराखंड क्रांति दल ने कहा कि भविष्य में भी राज्यहित और जनहित से जुड़े मुद्दों पर वह जनता और युवाओं के साथ मिलकर संघर्ष जारी रखेगा।

इस खबर में महेंद्र भट्ट के संबंध में लगाए गए आरोप उत्तराखंड क्रांति दल एवं उसके नेताओं के दावों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Recent Comments