

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल की ओर से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अति तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 28 जुलाई को अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के तहत जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।
यहां देखें आदेश


Recent Comments