

हरिद्वार प्रेस क्लब में LJP (रामविलास) का शक्ति प्रदर्शन, बेरोजगारी-पलायन-जर्जर सड़कों को बनाएगी चुनावी मुद्दा
हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच अब एक नई पार्टी ने भी दस्तक दे दी है। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने चुनावी मैदान में उतरने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ठाकुर और प्रदेश महासचिव अंकुर कर्णवाल ने बताया कि पार्टी फिलहाल प्रदेश की 35 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है।
गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पार्टी ने साफ कर दिया कि फिलहाल किसी भी दल के साथ आने पर विचार नहीं किया जा रहा है। विशाल सिंह ठाकुर ने कहा कि इस चुनाव में बेरोजगारी, पलायन, जर्जर सड़कें, पेपर लीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय विकास जैसे जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता पारंपरिक राजनीति से निराश हो चुकी है और एक मजबूत विकल्प की तलाश में है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में गठबंधन को लेकर कोई फैसला लिया जाता है तो उसका अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही संभावित प्रत्याशियों के नामों पर भी अंतिम मुहर लगाई जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तराखंड में पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

Recent Comments