HNB गढ़वाल विश्वविद्यालय में PG-प्रोफेशनल कोर्सेज की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 29 जुलाई से सक्रिय होगा पंजीकरण पोर्टल

यूईटी-2026 में 9,877 अभ्यर्थी सफल, 5 अगस्त तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी), पीजी डिप्लोमा, बी.एड., बी.पी.एड., एल.एल.बी. तथा बी.लिब. सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु आयोजित विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है।

प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि विश्वविद्यालय ने 17 से 20 जून 2026 तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर यूईटी-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया था। इस परीक्षा के लिए कुल 13,900 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 2,273 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे, जबकि 9,877 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। अब ये सफल अभ्यर्थी अपने इच्छित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों-संस्थानों के विकल्प ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।

छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रवेश पंजीकरण पोर्टल 29 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक सक्रिय रहेगा। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की कि वे तय अवधि के भीतर पोर्टल पर लॉगिन कर अपने पसंदीदा विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालय-संस्थान की वरीयताएं सावधानीपूर्वक दर्ज करते हुए पंजीकरण शुल्क जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, पात्रता, भारत सरकार की आरक्षण नीति, उपलब्ध सीटों तथा दर्ज की गई वरीयताओं के आधार पर किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी, मेरिट आधारित एवं भारत सरकार के आरक्षण नियमों के अनुरूप संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पंजीकरण से पहले प्रवेश सूचना पुस्तिका ध्यान से पढ़ें और आवेदन में दर्ज की जाने वाली सभी जानकारियों की शुद्धता सुनिश्चित करें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी अपील की कि अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें अपनी योग्यता और वरीयता के अनुरूप परिसर या संबद्ध संस्थान में प्रवेश का अवसर मिल सके।

प्रवेश पंजीकरण के लिए पोर्टल इस लिंक पर उपलब्ध है: https://hnbguadmission.samarth.edu.in/entrance/

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments