मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशे का धंधा! गल्ले के नीचे छिपाकर रखे थे 112 नशीले कैप्सूल, संचालक गिरफ्तार

वैध लाइसेंस के बावजूद ट्रामाडोल कैप्सूलों का नहीं दिखा सका हिसाब, पूछताछ में कबूला- नशेड़ियों को फुटकर बेचकर कमाता था मुनाफा

देहरादून। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहे नशीले कैप्सूलों के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। 28 जुलाई की देर रात एसटीएफ/एएनटीएफ, औषधि निरीक्षक और थाना सहसपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सहसपुर और विकासनगर क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों की चेकिंग के दौरान धर्मावाला चौक स्थित साईं मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्टोर संचालक जोनी सैनी ने औषधि विक्रय लाइसेंस दिखाया, जो प्रथम दृष्टया वैध पाया गया, लेकिन औचक तलाशी में दुकान के गल्ले के नीचे रखे एक प्लास्टिक कंटेनर से बड़ी खेप बरामद हुई। इसमें SPASMED नामक दवा, जिसमें डाइसाइक्लोमीन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल और एसिटामिनोफेन शामिल हैं, के 14 पत्ते यानी कुल 112 कैप्सूल मिले।

जब पुलिस ने ट्रामाडोल युक्त कैप्सूलों के क्रय-विक्रय से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो संचालक जोनी सैनी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर में ये कैप्सूल बेचकर अवैध कमाई करता था। इसके बाद पुलिस ने उसे धर्मावाला चौक स्थित उसी मेडिकल स्टोर से गिरफ्तार कर लिया।

धर्मावाला, थाना सहसपुर निवासी 37 वर्षीय जोनी सैनी पुत्र शिवराम सैनी के खिलाफ थाना सहसपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में सामने आए अन्य लोगों और सप्लाई चेन की भी विस्तृत जांच की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से अपील की कि नशे से दूर रहें और किसी भी लालच में आकर तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना के लिए निकटतम थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ से संपर्क किया जा सकता है और “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कार्रवाई में निरीक्षक यादवेंद्र सिंह बाजवा, औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश कोठारी, कांस्टेबल रवि पंत, दीपक चंदोला, दीपक नेगी, प्रशांत चौहान सहित देहरादून पुलिस से अपर उपनिरीक्षक प्रेम प्रकाश कोठारी और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments