मुख्यमंत्री के संकल्प को धरातल पर उतार रही चौपालें, DM स्वाति भदौरिया ने कठूड़ में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

पौड़ी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “जन-जन तक शासन” के संकल्प को साकार करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को विकासखंड खिर्सू के निर्मल ग्राम कठूड़ में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कठूड़ पहुंचने पर डीएम का ढोल-दमाऊँ की धुनों के साथ पारंपरिक स्वागत हुआ। उन्होंने गांव के नवनिर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण किया। ग्राम प्रधान संजय थपलियाल और महिला मंगल दल की अध्यक्ष पूजा देवी ने स्वागत किया। चौपाल में 94 वर्षीय वृद्धा धुपणी देवी को सम्मानित कर डीएम ने उनका आशीर्वाद लिया।

चौपाल में ग्रामीणों ने कोटी से कमेड़ा-कठूली तक सड़क निर्माण की मांग रखी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सर्वे पूरा हो चुका है और 20 दिन में प्रक्रिया पूर्ण होगी। डीएम ने अधिकारियों को प्रगति से ग्रामीणों को अवगत कराने के निर्देश दिए। वहीं पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग से गांव तक सड़क की मांग पर बताया गया कि स्वीकृति मिल चुकी है और एक सप्ताह में काम शुरू होगा। डीएम के आश्वासन पर ग्रामीणों ने खुशी जताई।

पशुओं के लिए चारे की समस्या पर डीएम ने ग्राम प्रधान को नेपियर घास उत्पादन बढ़ाने और कृषि-उद्यान विभाग से सहयोग लेने को कहा। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ने पर स्कूल पुनः शुरू कराने का आश्वासन भी दिया और अभिभावकों से सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने की अपील की।

डीएम ने गांव में सीसीटीवी, आंगनबाड़ी केंद्र, कंपोस्ट पिट और पंचायत भवन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठूड़ में योजनाबद्ध विकास दिख रहा है। गांव के लोग जिस सामूहिक भावना से विकास में जुटे हैं वह अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए संसाधनों से ज्यादा जरूरी जनभागीदारी और इच्छाशक्ति है। जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।

चौपाल के बाद डीएम ने जनता इंटर कॉलेज जामणाखाल का निरीक्षण किया। कक्षा 8-9 के छात्रों से पढ़ाई और करियर को लेकर बात की। छात्रा गायत्री के सही उत्तर पर सराहना की। छात्रों ने शिक्षक, डॉक्टर, पुलिस बनने की इच्छा जताई। डीएम ने विज्ञान, तकनीक, खेल, उद्यमिता जैसे नए करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने सोलर प्लांट लगाने, नियमित करियर काउंसलिंग और विज्ञान प्रयोगशाला को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जामणाखाल में ओपीडी बढ़ाने, दवा व्यवस्था और सफाई दुरुस्त करने को कहा। हर सप्ताह स्वास्थ्य शिविर लगाने और अस्पताल के लिए स्थायी भवन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, डीईओ अंशुल बिष्ट, डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय सहित कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments