आपकी प्रतिभा, आपका पोडियम! डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में ऑनलाइन जीतो नकद पुरस्कार, फिटनेस से संस्कृति तक सब कुछ

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में जनपद पौड़ी गढ़वाल में डिजिटल युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के माध्यम से युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी फिटनेस, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना, उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पर्यटन धरोहर का व्यापक प्रचार-प्रसार करना तथा उनकी प्रतिभाओं को डिजिटल मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव का संचालन ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें पंजीकरण से लेकर वीडियो, रील एवं फोटो अपलोड करने तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्तराखण्ड के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत एवं टीम श्रेणी में प्रतिभाग कर सकेंगे। महोत्सव चार सप्ताह तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। प्रथम सप्ताह में सूर्य नमस्कार चैलेंज और ‘मेरा जनपद-मेरी पहचान’, द्वितीय सप्ताह में पुश-अप/स्क्वाट चैलेंज तथा ‘माई उत्तराखण्ड, माई प्राइड’, तृतीय सप्ताह में स्किपिंग/प्लैंक चैलेंज एवं युवा फोटोग्राफी चैलेंज, जबकि अंतिम सप्ताह में फिटनेस फिनाले और ‘वन मिनट-वन स्किल’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

प्रतिभागियों को निर्धारित समयावधि के भीतर अपनी मौलिक वीडियो, रील अथवा फोटो ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ पर अपलोड करनी होगी। संपादित, विशेष प्रभावयुक्त अथवा पूर्व प्रकाशित सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर भी विचार नहीं किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा मंगल दलों, महिला मंगल दलों तथा 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से ‘फिट उत्तराखण्ड ऐप’ पर पंजीकरण कर डिजिटल युवा महोत्सव-2026 में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने की अपील की।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments