बद्रीनाथ चढ़ावा मामले में बड़ी कार्रवाई, प्रमोद नौटियाल के देहरादून आवास पर तीन घंटे तक SIT की जांच

चमोली/देहरादून। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने गुरुवार को आरोपी प्रमोद नौटियाल के देहरादून स्थित सरकारी आवास पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। करीब तीन घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने बैंक खातों, भूमि एवं संपत्ति से जुड़े अभिलेखों सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की।

जांच अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

इस बीच, जांच के दौरान बद्रीनाथ में प्रमोद नौटियाल को आवंटित सरकारी कमरे की तलाशी में भी कई वस्तुएं मिली हैं। सूत्रों के मुताबिक कमरे से चांदी के सिक्के, चांदी का नाग, चांदी की एक प्रतिमा, नेपाली मुद्रा की 50-50 रुपये मूल्यवर्ग की दो गड्डियां तथा करीब पांच हजार रुपये भारतीय नकदी बरामद हुई है। इन वस्तुओं की भी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि एसआईटी ने 13 जुलाई को प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था। सादी वर्दी में पहुंची पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेकर चमोली गई थी, जहां मामले में उनसे विस्तृत पूछताछ की गई।

मंदिर समिति ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। समिति की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को पदीय दायित्वों के निर्वहन में प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया।

गौरतलब है कि बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का आरोप हिंदूवादी संगठन भैरव सेना ने लगाया था। संगठन का आरोप था कि मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान धनराशि में हेराफेरी की गई। शिकायत सामने आने के बाद मंदिर समिति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमोद नौटियाल को निलंबित किया और दान स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। अब यह मामला जांच एजेंसियों के स्तर पर विधिक प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ रहा है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments