

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल तथा टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर उपाध्याय ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान टिहरी जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी जैसे भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील जनपद में उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा संस्थान की स्थापना से न केवल स्थानीय जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी, बल्कि पूरे गढ़वाल मंडल का स्वास्थ्य ढांचा भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक एवं ठोस कदम उठाएगी।
श्री धामी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य है कि दूरस्थ, पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं, आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचे। इसके लिए चिकित्सा अवसंरचना के विकास, मेडिकल व नर्सिंग शिक्षा के विस्तार, चिकित्सकों-स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और आधुनिक उपकरणों से लैस स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर लगातार काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। आयुष्मान भारत योजना, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार और मेडिकल शिक्षा संस्थानों की संख्या बढ़ने से आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा मिल रही है। राज्य सरकार इन प्रयासों को और गति देकर प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने मुख्यमंत्री को टिहरी जनपद की स्वास्थ्य आवश्यकताओं और मेडिकल कॉलेज स्थापना से जुड़े प्रस्तावों एवं संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र की दीर्घकालिक आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने दोनों जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर सकारात्मक विचार का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को अधिक मजबूत, आधुनिक और जनोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक सभी कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।

Recent Comments